बिहार में रेलवे का विस्तार, बिछेगी 3 नई रेल लाइनें, इन जिलों को खुशखबरी

पटना। बिहार में रेलवे नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। रेल मंत्रालय ने राज्य की तीन महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है, जिससे आने वाले समय में कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। 

खास बात यह है कि इन परियोजनाओं के लिए सर्वे के साथ जरूरी बजट की व्यवस्था भी कर दी गई है। माना जा रहा है कि इन नई रेल लाइनों के बनने से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। सबसे ज्यादा फायदा नालंदा, गया, नवादा, जहानाबाद और बिहारशरीफ जैसे जिलों को होने की उम्मीद है।

1 .इस्लामपुर-बोधगया रेल लाइन बनेगी बड़ी कड़ी

इस्लामपुर से बोधगया तक बनने वाली नई रेल लाइन को सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में माना जा रहा है। यह रेल लाइन मानपुर के रास्ते होकर गुजरेगी और इसकी लंबाई करीब 50 किलोमीटर होगी। इस परियोजना पर लगभग 1000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। रेल लाइन पर चार स्टेशन और चार हॉल्ट बनाए जाएंगे। इस रूट पर ट्रेनें 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। इस रेल लाइन के बनने से नालंदा और गया जिले के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

 2 .पावापुरी-नवादा रेल लाइन से पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

रेल मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद पावापुरी-नवादा रेल परियोजना पर काम जल्द शुरू हो सकता है। करीब 34 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन के निर्माण पर लगभग 492 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस परियोजना के तहत तीन प्रमुख स्टेशन, दो बड़े पुल और कई छोटे पुल बनाए जाने की योजना है। इस रेल लाइन के शुरू होने से जैन धर्म के प्रमुख तीर्थ स्थल पावापुरी और नवादा के बीच यात्रा आसान होगी। इससे धार्मिक पर्यटन में भी तेजी आने की संभावना है।

3 .बिहारशरीफ-जहानाबाद रेल परियोजना से बढ़ेगी कनेक्टिविटी

तीसरी बड़ी परियोजना बिहारशरीफ-जहानाबाद वाया एकंगरसराय रेल लाइन है। करीब 65 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन का सर्वे अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद बिहारशरीफ सीधे गया-पटना रेल रूट से जुड़ जाएगा। रेलवे की योजना के अनुसार इस रूट पर तीन बड़े जंक्शन, पांच हॉल्ट और एक क्रॉसिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर भी करीब 1000 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना जताई जा रही है।

0 comments:

Post a Comment