कच्चा या पक्का? जानिए कौन सा आम सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद

हेल्थ डेस्क। गर्मी का मौसम आते ही बाजारों में आम की मिठास छा जाती है। फलों का राजा कहलाने वाला आम स्वाद के साथ-साथ पोषण का भी बड़ा स्रोत माना जाता है। कुछ लोग कच्चा आम खाना पसंद करते हैं, तो कुछ पके आम के दीवाने होते हैं। लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर सेहत के लिए कच्चा आम ज्यादा फायदेमंद है या पक्का आम?

कच्चा आम क्यों माना जाता है खास?

कच्चे आम में विटामिन-C भरपूर मात्रा में पाया जाता है। यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद करता है। गर्मियों में लू और डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए कच्चे आम का पना काफी लाभकारी माना जाता है। कच्चा आम शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा यह पाचन को बेहतर बनाने और गैस-अपच जैसी समस्याओं को कम करने में भी सहायक माना जाता है।

कच्चे आम के फायदे

लू से बचाने में मददगार

विटामिन-C का अच्छा स्रोत

पाचन सुधारने में सहायक

शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद

गर्मी में थकान कम करने में उपयोगी

पक्का आम भी पोषण से भरपूर

पके आम में विटामिन-A, फाइबर और प्राकृतिक शुगर अच्छी मात्रा में होती है। यह आंखों की रोशनी, त्वचा और ऊर्जा के लिए फायदेमंद माना जाता है। पका आम शरीर को तुरंत ऊर्जा देने का काम करता है और स्वाद के कारण बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को पसंद आता है। विशेषज्ञ बताते हैं कि सीमित मात्रा में पका आम खाने से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं।

पके आम के फायदे

शरीर को तुरंत ऊर्जा देता है

आंखों और त्वचा के लिए लाभकारी

फाइबर से पाचन बेहतर होता है

शरीर को जरूरी विटामिन मिलते हैं

मूड और भूख बढ़ाने में मददगार

आखिर कौन सा आम ज्यादा बेहतर?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह पूरी तरह व्यक्ति की जरूरत और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। यदि गर्मी से बचाव, शरीर को ठंडक और विटामिन-C चाहिए तो कच्चा आम बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं ऊर्जा, स्वाद और पोषण के लिए पका आम फायदेमंद माना जाता है। सबसे जरूरी बात यह है कि दोनों का सेवन संतुलित मात्रा में किया जाए। जरूरत से ज्यादा किसी भी चीज का सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।

0 comments:

Post a Comment