1. बिहार में आने वाला हैं बड़े निवेश का अच्छा दौर
राज्य सरकार ने बिहार में एक वर्ष के भीतर पांच लाख करोड़ रुपये का निवेश लाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए बड़े पैमाने पर औद्योगिक ढांचा तैयार किया जा रहा है। सरकार ने अब तक करीब 8000 एकड़ जमीन उद्योगों के लिए अधिग्रहित कर ली है और अगले चरण में 10 हजार एकड़ अतिरिक्त भूमि लेने की तैयारी है। इस पहल से राज्य में टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स,ऑटोमोबाइल सेक्टर के बड़े उद्योग स्थापित होने की संभावना बढ़ गई है।
2. किसानों और छोटे कारोबारियों को मिलेगा फायदा
बिहार देश में मक्का, मखाना, केला और लीची उत्पादन के लिए पहचान बना चुका है। सरकार अब इन कृषि उत्पादों को उद्योगों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। इसी उद्देश्य से राज्य में पांच मेगा फूड पार्क और 100 एमएसएमई पार्क विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं से किसानों को अपनी उपज का बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। साथ ही छोटे और मध्यम उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण इलाकों में रोजगार बढ़ेगा।
3. युवाओं के लिए टेक्नोलॉजी और रोजगार के नए अवसर
बिहटा में अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी सेंटर की शुरुआत हो चुकी है। यह केंद्र युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देने और उद्योगों की जरूरत के अनुसार कौशल विकसित करने में मदद करेगा। सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के युवाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर मिलें ताकि उन्हें बाहर पलायन न करना पड़े। तकनीकी शिक्षा और स्टार्टअप संस्कृति को भी बढ़ावा देने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है।
4. बिहार में 11 नए स्मार्ट टाउनशिप की तैयारी
पटना, गया और भागलपुर जैसे शहरों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए सरकार 11 नए सेटेलाइट और ग्रीनफील्ड टाउनशिप विकसित करने की योजना बना रही है। इन नए शहरों में आधुनिक सड़कें, आवास, अस्पताल, स्कूल, बाजार और डिजिटल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे शहरीकरण को संतुलित करने के साथ लोगों को बेहतर जीवन सुविधाएं मिल सकेंगी।
5. एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक नेटवर्क का विस्तार
बिहार में हवाई सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए सरकार कई नई योजनाओं पर काम कर रही है। पटना और गया से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की शुरुआत की तैयारी चल रही है। इसके अलावा प्रमुख एयरपोर्ट के आसपास एरोसिटी, लॉजिस्टिक पार्क और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाए जाएंगे। सुल्तानगंज में विश्वस्तरीय एयरपोर्ट की योजना भी चर्चा में है, जिससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र को बड़ा फायदा मिल सकता है। इससे पर्यटन, व्यापार और निवेश के अवसर तेजी से बढ़ेंगे।
.png)
0 comments:
Post a Comment