बिहार में महिलाओं को खुशखबरी, EV सब्सिडी के लिए 1 से आवेदन

पटना। बिहार सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार 1 जून 2026 से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर महिलाओं को विशेष सब्सिडी देने जा रही है। बिहार इलेक्ट्रिक वाहन (संशोधन) नीति 2026 के तहत महिलाओं को इलेक्ट्रिक कार, बाइक और थ्री-व्हीलर खरीदने पर आर्थिक सहायता दी जाएगी।

महिलाओं को कार और बाइक पर अनुदान

नई नीति के अनुसार अगर कोई महिला इलेक्ट्रिक कार खरीदती है तो उसे सरकार की ओर से 1 लाख रुपये तक की सब्सिडी दी जाएगी। वहीं इलेक्ट्रिक बाइक, स्कूटी या स्कूटर खरीदने पर महिलाओं को 12 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। सामान्य वर्ग के पुरुषों को इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर खरीदने पर 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी, लेकिन कार खरीदने पर पुरुषों को सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।

इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर पर भी मिलेगी राहत

सरकार ने केवल कार और बाइक ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक मालवाहक थ्री-व्हीलर पर भी सब्सिडी देने का फैसला किया है। सामान्य वर्ग की महिलाओं को इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर खरीदने पर 50 हजार रुपये तक का अनुदान मिलेगा। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं को 60 हजार रुपये तक की सहायता दी जाएगी। इससे छोटे कारोबार और स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

1 जून से शुरू होंगे आवेदन

परिवहन विभाग ने इस योजना के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन पोर्टल तैयार करने की जिम्मेदारी एनआईसी को सौंपी है। विभाग की ओर से जल्द ही एसओपी जारी की जाएगी, जिसमें आवेदन की पूरी प्रक्रिया और जरूरी दिशा-निर्देश बताए जाएंगे। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह विभागीय बैठक के बाद इसकी आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी।

मोटर वाहन टैक्स में भी छूट

बिहार सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए टैक्स में भी राहत दी है। राज्य में खरीदे और रजिस्टर्ड सभी इलेक्ट्रिक वाहनों को मोटर वाहन टैक्स में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इससे लोगों को इलेक्ट्रिक वाहन खरीदना और भी सस्ता पड़ेगा।

0 comments:

Post a Comment