कई जिलों में तेज हवा और बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
उत्तर बिहार और सीमांचल में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर बिहार और सीमांचल के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज आंधी, भारी बारिश और ठनका गिरने की संभावना ज्यादा बताई गई है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, पूर्णिया, सिवान, सारण, वैशाली और समस्तीपुर शामिल हैं।
पटना समेत दक्षिण बिहार में येलो अलर्ट
दक्षिण बिहार के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। येलो अलर्ट वाले जिलों में पटना, भोजपुर, बक्सर, बेगूसराय, नालंदा, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, जहानाबाद, अरवल, शेखपुरा, लखीसराय, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका शामिल हैं।
16 मई तक सक्रिय रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में आंधी और बारिश का दौर अभी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। 14 मई को भी कई जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। वहीं 15 और 16 मई को भी मौसम सक्रिय बना रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि विभाग का कहना है कि 17 मई के बाद मौसम में सुधार शुरू हो सकता है और बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं।
आखिर क्यों बदला मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण की वजह से बिहार के मौसम में यह बदलाव आया है। इसके अलावा 15 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय होने वाला है, जिसका असर उत्तर और पूर्वी बिहार के जिलों में ज्यादा देखने को मिल सकता है।

0 comments:
Post a Comment