6 जिलों को जोड़ेगा 6-लेन सर्कुलर एक्सप्रेसवे
यह प्रस्तावित 6-लेन सर्कुलर एक्सप्रेसवे लखनऊ के साथ-साथ बाराबंकी, उन्नाव, रायबरेली, हरदोई और सीतापुर को आपस में जोड़ेगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद पूरा क्षेत्र एक बड़े आर्थिक कॉरिडोर के रूप में विकसित होने की संभावना है, जिससे व्यापार और आवागमन दोनों को गति मिलेगी।
ब्राउनफील्ड मॉडल पर होगा विकास
इस एक्सप्रेसवे को ब्राउनफील्ड मॉडल के तहत तैयार किया जाएगा। यानी नई सड़क बनाने के बजाय मौजूदा सड़कों को चौड़ा और आधुनिक बनाकर उन्हें हाई-स्पीड कॉरिडोर में बदला जाएगा। इससे लागत और समय दोनों में बचत होने की उम्मीद है।
ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत
फिलहाल इन जिलों से आने वाला ट्रैफिक सीधे लखनऊ शहर पर दबाव डालता है, जिससे प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। इस एक्सप्रेसवे के बनने के बाद वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे लखनऊ समेत पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुगम हो जाएगी।
दो चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट
इस परियोजना को दो हिस्सों में विकसित करने की योजना है। पहले चरण में लगभग 105 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया जाएगा, जो लालगंज, रायबरेली, हैदरगढ़ और बाराबंकी को जोड़ेगा। इसे पांच साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है और इस पर करीब 2100 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दूसरे चरण में 195 किलोमीटर लंबा मार्ग विकसित किया जाएगा, जो बाराबंकी से सीतापुर, हरदोई और संडीला तक जाएगा। इस चरण को 10 वर्षों में पूरा करने की योजना है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 3900 करोड़ रुपये होगी।

0 comments:
Post a Comment