एमसीएक्स पर शुक्रवार को सोना ₹1,55,050 प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ, जबकि चांदी ₹2,49,499 प्रति किलो पर सेटल हुई। वहीं अमेरिका के कमोडिटी बाजार कॉमेक्स में सोने का भाव $4,988.60 प्रति औंस और चांदी का रेट $77.525 प्रति औंस रहा। पूरे सप्ताह बाजार में तेज उतार-चढ़ाव बना रहा, हालांकि सप्ताह के आखिरी सत्र में अंतरराष्ट्रीय बाजार में हल्की संभल देखने को मिली।
घरेलू बाजार में क्या रहा हाल
एक सप्ताह पहले एमसीएक्स पर सोना ₹1,50,849 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार खत्म हुआ था। मौजूदा स्तरों की तुलना करें तो सोने की कीमत में करीब ₹4,200 से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई है। इसके उलट चांदी की बात करें तो पिछले सप्ताह इसका भाव ₹2,91,922 प्रति किलो था, जो अब घटकर ₹2,49,499 रह गया है। यानी चांदी के दामों में ₹42 हजार से अधिक की भारी गिरावट आई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का रुख
ग्लोबल लेवल पर सोना बीते सप्ताह $4,879.60 प्रति औंस के आसपास था, जो अब बढ़कर $4,988.60 प्रति औंस तक पहुंच गया है। दूसरी ओर चांदी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कमजोर रही और इसका भाव $85.250 प्रति औंस से फिसलकर $77.525 प्रति औंस पर आ गया।
रिकॉर्ड स्तर से कितनी टूटी कीमत
जनवरी के अंत में सोना और चांदी ने अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर छुए थे। उस समय सोना ₹1,80,000 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹4,20,000 प्रति किलो तक पहुंच गई थी। मौजूदा भावों की तुलना में सोना लगभग ₹25 हजार नीचे आ चुका है, जबकि चांदी में ₹1.70 लाख प्रति किलो से ज्यादा की गिरावट दर्ज की जा चुकी है।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में वैश्विक आर्थिक संकेत, डॉलर की चाल और ब्याज दरों से जुड़े फैसले सोना-चांदी की दिशा तय करेंगे। फिलहाल निवेशकों के लिए सतर्कता और सही समय का इंतजार अहम माना जा रहा है।

0 comments:
Post a Comment