होली से पहले खुशखबरी: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की जेब होगी भारी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए नए साल की शुरुआत खुशखबरी के संकेत दे रही है। जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की पूरी संभावना बनती नजर आ रही है। अगर ऐसा होता है, तो इसका सीधा फायदा लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स की सैलरी व पेंशन में देखने को मिलेगा।

DA बढ़ने की उम्मीद क्यों?

दरअसल, श्रम ब्यूरो की ओर से जारी दिसंबर 2025 के AICPI-IW आंकड़ों ने इस बढ़ोतरी की मजबूत नींव रख दी है। इन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 12 महीनों का औसत ऐसा स्तर पार कर चुका है, जिससे DA की गणना करीब 60 प्रतिशत तक पहुंच रही है। फिलहाल DA 58% है, ऐसे में 2% की बढ़ोतरी लगभग तय मानी जा रही है।

कैसे तय होता है महंगाई भत्ता?

महंगाई भत्ते की गणना ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (औद्योगिक श्रमिक) के 12 महीने के औसत के आधार पर की जाती है। दिसंबर 2025 में यह इंडेक्स 148.2 दर्ज किया गया, जबकि 12 महीने का औसत 145.54 रहा। तय फॉर्मूले और बेस ईयर फैक्टर को लागू करने पर DA करीब 60.33% निकलता है। सरकार आमतौर पर DA की घोषणा पूर्णांक (राउंड फिगर) में करती है, इसलिए इसे 60% माना जा रहा है।

7वें वेतन आयोग के बाद भी DA क्यों?

भले ही 7वें वेतन आयोग की अवधि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हो चुकी हो, लेकिन जब तक 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू नहीं होतीं, तब तक कर्मचारियों और पेंशनर्स को 7वें वेतन आयोग के बेसिक पे पर ही DA मिलता रहेगा। यही वजह है कि जनवरी 2026 की DA बढ़ोतरी को भी बेहद अहम माना जा रहा है।

कर्मचारियों के सैलरी में कितना होगा फायदा?

अगर DA 58% से बढ़कर 60% हो जाता है, तो कर्मचारियों की मासिक आमदनी में सीधा इजाफा होगा। ₹20,000 बेसिक सैलरी पर करीब ₹400 प्रति माह की बढ़ोतरी, ₹50,000 बेसिक सैलरी वालों को लगभग ₹1,000 महीना ज्यादा, ₹1 लाख बेसिक सैलरी पर करीब ₹2,000 प्रति माह का फायदा यानी बेसिक सैलरी जितनी ज्यादा, DA बढ़ोतरी का लाभ उतना ही अधिक।

इसका कब हो सकता है आधिकारिक ऐलान?

परंपरा के अनुसार सरकार DA बढ़ोतरी का ऐलान मार्च 2026, यानी होली से पहले कर सकती है। हालांकि अंतिम फैसला सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

0 comments:

Post a Comment