यूपी बीएड प्रवेश परीक्षा 2026: 10 फरवरी से भरे फॉर्म

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीएड पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय, झांसी ने बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 को लेकर आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 फरवरी 2026 से शुरू होगी, जबकि प्रवेश परीक्षा का आयोजन अप्रैल 2026 में किया जाएगा।

विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट bujhansi.ac.in पर आवेदन पोर्टल 9-10 फरवरी की रात 12 बजे से खोल दिया जाएगा। अभ्यर्थी 10 मार्च 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। इस तरह उम्मीदवारों को आवेदन के लिए लगभग एक महीने का समय मिलेगा।

योग्यता मानदंड तय

बीएड प्रवेश परीक्षा में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक या स्नातकोत्तर डिग्री होना अनिवार्य है। श्रेणी के अनुसार न्यूनतम अंकों की भी शर्त रखी गई है। सामान्य वर्ग और ओबीसी अभ्यर्थियों के लिए ग्रेजुएशन या पोस्ट-ग्रेजुएशन में कम से कम 50 प्रतिशत अंक, जबकि एससी-एसटी वर्ग के लिए 45 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। वहीं बीई या बीटेक पृष्ठभूमि वाले अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक अनिवार्य किए गए हैं।

बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय को जिम्मेदारी

गौरतलब है कि बुन्देलखण्ड विश्वविद्यालय को लगातार चौथी बार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीते वर्षों में परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। वर्ष 2023 में जहां 4.72 लाख, 2024 में 2.40 लाख और 2025 में 3.44 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। स्टेट को-ऑर्डिनेटर के अनुसार, वर्ष 2026 में 5 लाख से अधिक आवेदन आने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए परीक्षा की तैयारियां समय से शुरू कर दी गई हैं।

अभ्यर्थियों के लिए क्या है जरूरी सलाह?

स्टेट को-ऑर्डिनेटर सौरभ श्रीवास्तव ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि आवेदन करते समय अपना ही ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करें, ताकि परीक्षा से जुड़ी सभी सूचनाएं समय पर मिलती रहें। उन्होंने बताया कि आवेदन शुल्क को लेकर अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा और इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।

0 comments:

Post a Comment