इन जिलों में बारिश और तेज हवा की चेतावनी
उत्तर और पूर्वी बिहार के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, कटिहार, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया जैसे जिलों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।
वहीं पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने को कहा गया है।
कुछ जिलों में जारी रहेगी लू की मार
हालांकि पूरे राज्य में राहत नहीं मिलेगी। बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और अरवल जैसे जिलों में अभी भी भीषण गर्मी का असर बना रहेगा। इन इलाकों में तापमान ऊंचा बना रहेगा और लू जैसी स्थिति लोगों को परेशान कर सकती है।
तापमान का क्या रहेगा हाल?
अगले तीन दिनों में उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 32 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि दक्षिण बिहार में यह 34 से 40 डिग्री तक जा सकता है। हाल के दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। राज्य में अधिकतम तापमान 33 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया, जिसमें डेहरी सबसे गर्म स्थान रहा, जहां पारा 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

0 comments:
Post a Comment