बंगाल में बड़ा उलटफेर तय! सर्वे में ‘BJP’ की चौंकाने वाली बढ़त

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण की वोटिंग खत्म होते ही एग्जिट पोल के नतीजे सामने आ गए हैं। इन रुझानों ने राज्य की सियासत में हलचल तेज कर दी है। अधिकांश सर्वे में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के लिए मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं, जबकि भाजपा को मजबूत बढ़त मिलती नजर आ रही है।

क्या कहते हैं एग्जिट पोल?

कई प्रमुख सर्वे एजेंसियों के मुताबिक, इस बार भाजपा बहुमत के आंकड़े को पार कर सकती है। खास तौर पर 'प्रजा पोल' के आंकड़े सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, जिसमें भाजपा को 178 से 208 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। यदि ये आंकड़े नतीजों में बदलते हैं, तो राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बनने का रास्ता साफ हो सकता है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस को इस सर्वे में 85 से 110 सीटों तक सिमटता हुआ दिखाया गया है।

अन्य सर्वे में भी भाजपा को बढ़त

मेट्राइज, पीमार्क, चाणक्य स्ट्रेटेजीज और पोल डायरी जैसे सर्वे भी भाजपा को बढ़त में दिखा रहे हैं। इन सर्वे के अनुसार भाजपा को 140 से 160 या उससे अधिक सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के आंकड़े से ऊपर है।

एक सर्वे में अलग तस्वीर

हालांकि सभी एग्जिट पोल एक जैसा संकेत नहीं दे रहे हैं। 'पीपुल्स पल्स' का सर्वे इससे अलग तस्वीर पेश करता है। इसके मुताबिक तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में वापसी कर सकती है और उसे 177 से 187 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि भाजपा 95 से 110 सीटों तक रह सकती है।

अब नजर नतीजों पर

एग्जिट पोल केवल संभावित रुझान बताते हैं, अंतिम फैसला मतगणना के बाद ही होगा। ऐसे में अब सबकी नजर चुनाव परिणामों पर टिकी है, जो यह तय करेंगे कि बंगाल में सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

0 comments:

Post a Comment