मौसम का कहर: आज पूरे यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक बड़ा बदलाव ले लिया है और पूरे राज्य में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेशभर में रेड अलर्ट जारी किया है। 30 और 31 मई को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और तूफानी हवाओं की संभावना जताई गई है।

100 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

लखनऊ स्थित मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में तेज धूल भरी आंधी के साथ बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक जाने की संभावना है।

कई जिलों में जनजीवन प्रभावित

तेज आंधी और बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। सहारनपुर में पहाड़ी क्षेत्रों से पानी का तेज बहाव देखा गया, जबकि लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत लगभग 20 जिलों में मौसम ने भारी असर डाला। लखनऊ में चारबाग रेलवे स्टेशन परिसर की छत का हिस्सा गिरने से कुछ लोग घायल भी हुए हैं। वहीं कई जगहों पर पेड़, बिजली के खंभे और होर्डिंग्स गिरने की घटनाएं सामने आई हैं।

30 और 31 मई तक खराब मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 30 मई को भी प्रदेश के कई हिस्सों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 31 मई को भी आंधी-बारिश का असर कुछ इलाकों में जारी रहने का अनुमान है, हालांकि इसकी तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है।

कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

IMD ने चित्रकूट, प्रयागराज, कानपुर, झांसी, मथुरा, आगरा, लखीमपुर खीरी, बरेली, मुरादाबाद समेत दर्जनों जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाओं की संभावना सबसे अधिक जताई गई है।

ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा

उत्तर प्रदेश के बांदा, वाराणसी, बरेली और पीलीभीत सहित कई जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। वहीं पूरे पूर्वी और पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जून के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इसके बाद 3 और 4 जून से एक बार फिर गर्मी बढ़ने की संभावना है।

0 comments:

Post a Comment