आया पश्चिमी विक्षोभ: 15 राज्यों में आंधी-बारिश का रेड अलर्ट

नई दिल्ली/मौसम डेस्क। देश के कई हिस्सों में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और लू के बीच अब मौसम ने करवट ले ली है। एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत सहित कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है। वहीं, मौसम विभाग ने 15 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है।

कई राज्यों में बदला मौसम, गर्मी से राहत

गुरुवार शाम दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अचानक मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को राहत दी, हालांकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। कई दिनों से 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान में अब गिरावट के संकेत मिल रहे हैं।

अगले 2-3 दिन तापमान में बड़ी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है। दिल्ली-NCR और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। यूपी के दर्जनों जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।

आंधी-तूफान और ओलावृष्टि के आसार

मौसम विभाग ने 31 मई तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में कई स्थानों पर तेज आंधी-तूफान आने को लेकर अलर्ट जारी किया हैं। साथ ही साथ उत्तर प्रदेश के 43 जिलों में तेज आंधी का भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी असर

आपको बता दें की उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवाओं और बारिश से जंगलों में लगी आग बुझने की खबर राहत भरी रही है।

उड़ानें प्रभावित, एयरपोर्ट पर डायवर्जन

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर खराब मौसम के कारण कई उड़ानों को जयपुर, लखनऊ और चंडीगढ़ की ओर डायवर्ट करना पड़ा। कुछ यात्रियों को अस्थायी रूप से यात्रा स्थगित करनी पड़ी।

कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित

तेज बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। मौसम विभाग ने आज भी देश के कई इलाकों में आंधी-बारिश की संभावना जताई हैं।

0 comments:

Post a Comment