पानी-पानी होगा यूपी! 58 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे लोगों को बारिश और तेज हवाओं से राहत मिली है, लेकिन इसके साथ ही आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 58 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और कमजोर ढांचों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

कई जिलों में हुई अच्छी बारिश

बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो इटावा में सबसे अधिक 56 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा आगरा में 46.6 मिमी, कन्नौज में 45 मिमी, हमीरपुर में 24 मिमी और मथुरा में 12 मिमी बारिश दर्ज की गई। आगरा में आंधी के दौरान हवाओं की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक पहुंच गई, जिससे कई इलाकों में अव्यवस्था की स्थिति बन गई।

आज भी जारी रहेगा मौसम का असर

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार को भी मौसम का यही रुख बना रह सकता है। कई जिलों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ गरज-चमक, बारिश और बिजली गिरने की आशंका भी बनी हुई है।

इन जिलों में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत

मौसम विभाग ने वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोरखपुर, बस्ती, देवरिया, कुशीनगर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, महाराजगंज, गोंडा, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

लोगों के लिए सलाह, खराब मौसम में बरते सावधानी

खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न रहें और मोबाइल या इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें। तेज हवाओं के दौरान वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े करें और बच्चों को खुले मैदानों में जाने से रोकें।

0 comments:

Post a Comment