पटना जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जिले के सभी सरकारी, राजकीयकृत, बुनियादी, परियोजना माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को पत्र भेजा गया है। इसमें बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक नियमावली 2023 के तहत नियुक्त और स्कूलों में योगदान दे चुके शिक्षकों के वेतन भुगतान की कार्रवाई शुरू करने को कहा गया है।
दक्षता परीक्षा पास शिक्षकों को मिलेगा लाभ
जारी निर्देश के अनुसार, जिन शिक्षकों ने दक्षता परीक्षा के तीसरे और चौथे चरण में सफलता हासिल कर ली है और विशिष्ट शिक्षक के पद पर योगदान कर चुके हैं, उनके वेतन भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इन शिक्षकों का PRAN नंबर भी जारी हो चुका है, जिसके बाद वेतन भुगतान से जुड़ी आगे की कार्रवाई में तेजी लाई जाएगी।
प्रधानाचार्यों से मांगी गई जरूरी जानकारी
शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि निर्धारित प्रारूप में शिक्षकों की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसमें PRAN नंबर के साथ अनुपस्थिति विवरणी भी भेजने को कहा गया है। विभाग का कहना है कि जरूरी दस्तावेज समय पर मिलने से वेतन भुगतान में किसी तरह की देरी नहीं होगी।
जल्द भुगतान सुनिश्चित करने पर जोर
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे विभागीय प्रक्रिया को जल्द पूरा करें, ताकि पात्र शिक्षकों को समय पर वेतन मिल सके। इस फैसले से उन नव नियुक्त विशिष्ट शिक्षकों को बड़ी राहत मिलेगी, जो नियुक्ति के बाद वेतन भुगतान का इंतजार कर रहे थे। शिक्षा विभाग का लक्ष्य है कि सभी औपचारिकताएं पूरी कर भुगतान प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए।

0 comments:
Post a Comment