यूपी सरकार का बड़ा कदम: इन किसानों के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उन किसानों के लिए राहत भरी खबर है, जिन्होंने यमुना एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए अपनी जमीन दी थी। अब ऐसे किसान जेवर तक यात्रा के दौरान टोल टैक्स से छूट का लाभ ले सकेंगे। इस फैसले से हजारों प्रभावित किसान परिवारों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी ने प्रभावित किसानों को टोल में पूरी छूट देने की व्यवस्था शुरू की है। पहले चरण में गौतमबुद्ध नगर के उन किसानों को लाभ मिलेगा, जिन्होंने एक्सप्रेसवे निर्माण के लिए अपनी जमीन उपलब्ध कराई थी।

4500 किसानों को मिलेगा फायदा

यमुना एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए गौतमबुद्ध नगर में करीब 1600 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया गया था। इसमें लगभग 4500 किसानों को योजना के पहले चरण में शामिल किया गया है। इस छूट के तहत किसान जेवर टोल प्लाजा से गुजरते समय टोल शुल्क से मुक्त रहेंगे। सिर्फ किसान ही नहीं, पात्र किसानों के बेटों को भी इस सुविधा में शामिल किया जाएगा, लेकिन इसके लिए जरूरी दस्तावेजों से पात्रता साबित करनी होगी।

15 जून तक जमा करने होंगे दस्तावेज

टोल फ्री सुविधा का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी जानकारी और दस्तावेज जमा करने होंगे। इसके लिए जेवर टोल प्लाजा स्थित परियोजना कार्यालय में आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। किसानों को मुख्य रूप से ये दस्तावेज देने होंगे पहचान पत्र, वाहन की आरसी, मोबाइल नंबर, जमीन अधिग्रहण से जुड़े दस्तावेज, फॉर्म-11 सहित जरूरी कागजात। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही टोल छूट की सुविधा लागू होगी।

अलीगढ़, मथुरा और आगरा के किसानों को भी मिल सकता है लाभ

फिलहाल योजना का पहला चरण गौतमबुद्ध नगर के किसानों पर केंद्रित है। आने वाले चरणों में इसका विस्तार उन किसानों तक किया जा सकता है, जिनकी जमीन यमुना एक्सप्रेसवे के लिए अलीगढ़, मथुरा और आगरा क्षेत्रों में ली गई थी। यमुना एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 165.5 किलोमीटर है और यह कई जिलों को जोड़ता है।

0 comments:

Post a Comment