यूपी में शुरू होगी 'तीर्थ दर्शन' बस सेवा, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू होने जा रही है। अब श्रद्धालु कम खर्च में प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन कर सकेंगे। पर्यटन विभाग ने 'तीर्थ दर्शन' बस सेवा शुरू करने की तैयारी की है, जिससे लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। यह बस सेवा 19 जून से शुरू होगी और सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी।

इन धार्मिक स्थलों के लिए चलेगी बस

नई बस सेवा के तहत श्रद्धालुओं को तीन प्रमुख तीर्थ स्थलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।

शुक्रवार को बस मीरजापुर के मां विंध्यवासिनी धाम जाएगी।

शनिवार को श्रद्धालु चित्रकूट धाम के कामतानाथ मंदिर के दर्शन कर सकेंगे।

रविवार को बस अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी।

बस प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित होटल इलावर्त से चलेगी और उसी दिन दर्शन कराकर वापस लौटेगी।

मिलेगी कम खर्च में सुविधा

अक्सर श्रद्धालुओं को निजी साधनों से तीर्थ स्थलों तक जाने में ज्यादा खर्च करना पड़ता है और कई बार समय की कमी के कारण दर्शन भी ठीक से नहीं हो पाते। इसी समस्या को देखते हुए पर्यटन विभाग ने यह पहल शुरू की है। इस सेवा में 15 सीटर लग्जरी बस का संचालन किया जाएगा, जिसमें यात्रियों को आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।

बसों का तय किया गया किराया

तीर्थ दर्शन बस सेवा के लिए किराया भी निर्धारित कर दिया गया है। मां विंध्यवासिनी धाम जाने के लिए प्रति व्यक्ति किराया 600 रुपये रखा गया है। विंध्याचल और अयोध्या यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 1000 रुपये शुल्क तय किया गया है। इससे श्रद्धालु कम खर्च में यात्रा पूरी कर सकेंगे।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से होगी बुकिंग

यात्रियों की सुविधा के लिए बस सेवा की बुकिंग ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से उपलब्ध कराई गई है। श्रद्धालु पर्यटन विभाग की वेबसाइट www.upstdc.co.in के माध्यम से ऑनलाइन टिकट ले सकते हैं, जबकि ऑफलाइन बुकिंग होटल इलावर्त से कराई जा सकती है।

उत्तर प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी

योगी सरकार धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के विकास पर लगातार जोर दे रही है। तीर्थ स्थलों पर सुविधाएं बढ़ाने के साथ अब श्रद्धालुओं के लिए आवागमन को भी आसान बनाया जा रहा है। प्रयागराज से बड़ी संख्या में लोग विंध्याचल, चित्रकूट और अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों पर जाते हैं। नई बस सेवा शुरू होने से ऐसे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और व्यवस्थित यात्रा का विकल्प मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment