यूपी में भी चलेगी बुलेट ट्रेन, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। दिल्ली से वाराणसी तक प्रस्तावित बुलेट ट्रेन परियोजना अब आगे बढ़ रही है। इस हाईस्पीड रेल कॉरिडोर के लिए यूपी के कई जिलों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

आपको बता दें की इस बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत यूपी के मथुरा, आगरा, इटावा, लखनऊ, रायबरेली, प्रयागराज, भदोही और वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों की जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन की ओर से प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।

865 किमी होगा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर

दिल्ली-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना का प्रस्तावित रूट करीब 865 किलोमीटर लंबा होगा। यह कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर नोएडा के जेवर, आगरा, लखनऊ और प्रयागराज होते हुए वाराणसी तक पहुंचेगा। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली से वाराणसी का सफर काफी कम समय में पूरा किया जा सकेगा। अनुमान के मुताबिक हाईस्पीड ट्रेन से यह दूरी करीब 6 घंटे में तय हो सकेगी।

किसानों को मिलेगा मुआवजा

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के नियमों के अनुसार की जाएगी। जिन किसानों और जमीन मालिकों की भूमि परियोजना के लिए ली जाएगी, उन्हें तय नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। प्रशासन और परियोजना अधिकारियों के बीच बैठकों के जरिए आगे की रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि जमीन अधिग्रहण और अन्य प्रक्रियाओं को तेजी से पूरा किया जा सके।

लखनऊ और प्रयागराज में स्टेशन

बुलेट ट्रेन के लिए लखनऊ में स्टेशन बनाने के लिए कई जगहों पर विचार किया जा रहा है। इसमें किसान पथ एक्सप्रेसवे, वृंदावन योजना, इकाना स्टेडियम और गोमती रिवरफ्रंट जैसे क्षेत्र शामिल हैं। वहीं प्रयागराज में सोरांव तहसील क्षेत्र के आसपास स्टेशन बनाने की संभावनाओं पर चर्चा चल रही है। गंगा एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे के नजदीकी क्षेत्रों को भी विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।

सफर होगा पहले से कई गुना आसान

बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद यूपी के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी घट जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार प्रयागराज से वाराणसी की दूरी करीब 30 मिनट और प्रयागराज से लखनऊ का सफर लगभग 55 मिनट में पूरा हो सकेगा। फिलहाल यह परियोजना शुरुआती चरण में है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) के बाद आगे की औपचारिक प्रक्रिया तेज की जाएगी।

0 comments:

Post a Comment