यूपी सरकार का बड़ा फैसला, किसानों के लिए 4 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लाखों गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों के तहत राज्य सरकार ने 45 जिलों में ग्रामवार गन्ना सर्वेक्षण और सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम शुरू कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य किसानों के गन्ना रिकॉर्ड को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि उन्हें समय पर गन्ना आपूर्ति, भुगतान और अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

गन्ना विकास विभाग के अनुसार यह विशेष अभियान 30 अगस्त तक चलेगा, जिसमें किसानों को अपने सभी रिकॉर्ड की जांच और आवश्यक संशोधन कराने का अवसर मिलेगा।

45 जिलों के हजारों गांवों में चलेगा अभियान

विभाग की ओर से बताया गया है कि प्रदेश के 41,818 गन्ना ग्रामों में ग्राम स्तरीय सर्वेक्षण और सट्टा प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके सफल संचालन के लिए 4,294 विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो गांव-गांव जाकर किसानों के रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगी।

किसानों को रिकॉर्ड सुधारने की सुविधा

इस अभियान के दौरान किसान अपने गन्ना सर्वे से जुड़े महत्वपूर्ण विवरणों की जांच कर सकेंगे। इनमें मुख्य रूप से गन्ना सर्वे का विवरण, गन्ना सट्टा, बैंक खाते की जानकारी, मोबाइल नंबर, गन्ना क्षेत्रफल, भूमि संबंधी अभिलेख, अन्य आवश्यक रिकॉर्ड यदि किसी भी जानकारी में त्रुटि पाई जाती है, तो किसान मौके पर ही आपत्ति दर्ज करा सकेंगे और आवश्यक संशोधन का अनुरोध कर सकेंगे।

राजस्व रिकॉर्ड से होगा मिलान

सरकार ने इस बार पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किसानों के नाम दर्ज कृषि योग्य भूमि का राजस्व अभिलेखों से मिलान कराने का भी निर्णय लिया है। इससे गलत रिकॉर्ड, विवाद और भविष्य में आने वाली समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।

63 बिंदुओं पर होगी जानकारी

गन्ना विकास विभाग किसानों को उनके गन्ना सर्वे और सट्टा से जुड़े 63 महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी उपलब्ध कराएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक किसान अपने रिकॉर्ड को अच्छी तरह समझ सके और समय रहते आवश्यक सुधार करा सके।

शिकायत का तुरंत समाधान

यदि किसी किसान को रिकॉर्ड से संबंधित कोई समस्या आती है, तो उसका समाधान जल्द से जल्द किया जाएगा। विभाग ने इसके लिए जिला, परिक्षेत्र और राज्य स्तर पर शिकायत निवारण केंद्र स्थापित किए हैं। इसके अलावा किसान टोल फ्री नंबर 1800-121-3203 पर भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment