छात्राओं के लिए खुशखबरी: यूपी सरकार का बड़ा ऐलान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई राज्य कैबिनेट की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई, जिनमें छात्राओं के हित से जुड़ी 'रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना' भी शामिल है। इस योजना का उद्देश्य मेधावी बेटियों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनकी उच्च शिक्षा को और अधिक सुगम बनाना है।

सरकार के निर्णय के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में प्रदेश के सभी प्रकार के कॉलेजों में अपनी कक्षा में टॉप 5 प्रतिशत स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को पेट्रोल चालित स्कूटी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे उन छात्राओं को विशेष लाभ मिलेगा, जिन्हें रोजाना कॉलेज आने-जाने में लंबी दूरी तय करनी पड़ती है या परिवहन की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

योजना में सामाजिक संवेदनशीलता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। दिव्यांग छात्राओं तथा शहीदों और निराश्रित परिवारों की बेटियों को स्कूटी वितरण में प्राथमिकता दी जाएगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि आर्थिक या सामाजिक चुनौतियों का सामना कर रही प्रतिभाशाली छात्राओं को आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिल सके।

सरकार का यह पहल केवल एक प्रोत्साहन योजना नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। कॉलेज तक सुरक्षित और सुविधाजनक पहुंच मिलने से छात्राओं की नियमित उपस्थिति बढ़ेगी, समय की बचत होगी और वे अपनी पढ़ाई पर अधिक ध्यान दे सकेंगी।

प्रदेश सरकार का यह निर्णय महिला शिक्षा को बढ़ावा देने, उच्च शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने और प्रतिभाशाली बेटियों को सम्मानित करने की नीति को और मजबूत करता है। आने वाले समय में इस योजना से हजारों मेधावी छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे वे शिक्षा के साथ-साथ आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई उड़ान भर सकेंगी।

0 comments:

Post a Comment