यूपी सरकार की सौगात, गांव-गांव को खुशखबरी, मिलेगी कई सुविधाएं

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में शादी-विवाह और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के लिए अब बेहतर सुविधा मिलने वाली है। पंचायती राज विभाग की ओर से प्रदेश की 71 विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत उत्सव भवन तैयार कराए जा रहे हैं। इन भवनों का निर्माण शुरू हो चुका है और इन्हें जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

एक ही जगह मिलेंगी कई सुविधाएं

उत्सव भवन तैयार होने के बाद ग्रामीणों को शादी, धार्मिक आयोजन और दूसरे सामाजिक कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित जगह मिल सकेगी। भवन में करीब 100 लोगों की क्षमता वाला सभागार, मंच या मंडप, तीन कमरे और रसोईघर की सुविधा होगी। इसके अलावा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग शौचालय भी बनाए जाएंगे। दिव्यांगजनों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। भवन में उनके लिए अलग शौचालय और सुविधानुसार कमरा उपलब्ध कराया जाएगा।

करीब 3000 वर्गमीटर पर निर्माण

प्रत्येक उत्सव भवन के लिए करीब 3000 वर्गमीटर भूमि का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसमें लगभग 520 वर्गमीटर क्षेत्र में मुख्य भवन बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में मांगलिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक और उचित स्थान उपलब्ध कराना है।

किराया मनमाना नहीं होगा

इन भवनों के इस्तेमाल के लिए ग्रामीणों से मनमाना शुल्क नहीं लिया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए आवंटन की दर जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति तय करेगी। विभाग के अनुसार दरें कम रखने पर जोर दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार इसका लाभ उठा सकें।

आगे भी बढ़ेगा योजना का दायरा

पहले चरण में 71 विधानसभा क्षेत्रों में काम शुरू किया गया है। इसके बाद वर्ष 2026-27 के बजट में 71 और उत्सव भवनों के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, अनुपूरक बजट में 78 अन्य उत्सव भवनों के लिए 109 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। निर्माण पूरा होने के बाद इन भवनों का संचालन ग्राम पंचायतों के माध्यम से किया जाएगा। इससे गांवों में होने वाले सामाजिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए लोगों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

0 comments:

Post a Comment