सरकार की बड़ी खुशखबरी, 1 लाख से अधिक कर्मचारियों का बढ़ा वेतन

कोलकाता। पश्चिम बंगाल सरकार ने कर्मचारियों और अनुबंध पर काम करने वाले कर्मियों के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने 14 श्रेणियों के कर्मचारियों के वेतन और मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इससे एक लाख से अधिक लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। इस फैसले से राज्य के खजाने पर हर साल करीब 390 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

वन विभाग के कर्मचारियों को राहत

सरकार के फैसले के तहत वन विभाग में डिप्टी रेंजर से लेकर वन रक्षक तक के कर्मचारियों के पारिश्रमिक में 5,000 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी होगी। करीब 1,500 वन सहायकों के मानदेय में भी 2,000 रुपये मासिक इजाफा किया गया है। वन विभाग से जुड़ी यह बढ़ोतरी 1 अक्टूबर से प्रभावी होगी।

पारा शिक्षकों का भी बढ़ा मानदेय

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर काम करने वाले पारा शिक्षकों तथा शिक्षा बंधुओं के मानदेय में 5,000 रुपये प्रति माह की वृद्धि की गई है। इस फैसले का लाभ हजारों शिक्षा कर्मियों को मिलेगा और बढ़ा हुआ मानदेय 1 नवंबर से लागू होगा।

पूर्व विधायकों और विधायकों को राहत

सरकार ने पूर्व विधायकों के चिकित्सा भत्ते में भी बढ़ोतरी की है। इसे 6,000 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये कर दिया गया है, जो 1 अगस्त से प्रभावी है। इसके अलावा जिन विधायकों ने अपने क्षेत्र में नेताजी सेवा केंद्र शुरू किए हैं, उन्हें इसके संचालन के लिए हर महीने 30,000 रुपये दिए जाएंगे।

कई श्रेणियों के कर्मियों को मिलेगा लाभ

सरकार के अनुसार वेतन और मानदेय बढ़ाने का फैसला उन 14 समूहों के लिए किया गया है, जिन्हें 2026-27 के बजट में शामिल नहीं किया गया था। सरकार का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों की मांगों को उचित मानते हुए यह फैसला लिया गया है।

0 comments:

Post a Comment