लखनऊ। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिवारों और उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच एलपीजी सिलिंडर बुकिंग के अंतर को खत्म कर दिया है। अब गांवों में रहने वाले उपभोक्ता भी महज 25 दिन बाद दूसरा रसोई गैस सिलिंडर बुक करा सकेंगे। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में दूसरे सिलिंडर के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ता था।
सभी प्रमुख गैस कंपनियों पर लागू होगा नियम
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका असर इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम समेत प्रमुख गैस कंपनियों के उपभोक्ताओं पर होगा। कंपनियों को व्यवस्था को जल्द लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
बड़े परिवारों को सबसे ज्यादा राहत
ग्रामीण इलाकों में संयुक्त और बड़े परिवारों में गैस की खपत अधिक होती है। ऐसे में 45 दिनों की बुकिंग सीमा के कारण कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब 25 दिन में दोबारा सिलिंडर मिलने की सुविधा से उन्हें बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उज्ज्वला लाभार्थियों को भी फायदा
उत्तर प्रदेश उज्ज्वला योजना के बड़े लाभार्थी राज्यों में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में सिलिंडर की उपलब्धता आसान होने से खासतौर पर उज्ज्वला उपभोक्ताओं को फायदा मिल सकता है। इससे रसोई गैस की जरूरत पूरी करने के लिए लकड़ी या अन्य पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता भी कम करने में मदद मिलेगी।
यह बदलाव उस समय किया गया है जब सरकार की ओर से घरेलू गैस की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment