पानी-पानी होगा बिहार! 19 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-वज्रपात का भी खतरा

पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज राज्य के 19 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। खासकर उत्तर बिहार के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम खराब होने के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में बारिश के आसार

बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, वैशाली, दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में भी बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि सुपौल, सहरसा, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि, सभी इलाकों में पूरे दिन बारिश होने की संभावना नहीं है।

आंधी और वज्रपात का खतरा

उत्तर-पश्चिम बिहार में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की आशंका है। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दक्षिण बिहार में कम बारिश

दक्षिण बिहार के कई हिस्सों में फिलहाल बारिश की गतिविधि अपेक्षाकृत कम रहने की संभावना है। गया, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, रोहतास, कैमूर, बक्सर और भोजपुर जैसे जिलों में उत्तर बिहार के मुकाबले मौसम कम सक्रिय रह सकता है। हालांकि स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश से इनकार नहीं किया गया है।

12 सितंबर तक बना रहेगा मानसूनी असर

मौसम विभाग के अनुसार 8 से 12 सितंबर के बीच बिहार में मानसून सक्रिय रह सकता है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के कारण कई जिलों में तापमान में गिरावट और उमस से राहत मिल सकती है।

0 comments:

Post a Comment