बिहार सरकार का बड़ा कदम, स्कूलों में लगेंगे CCTV कैमरे, रात में तैनात होंगे गार्ड

पटना। बिहार के सरकारी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात्रि प्रहरी तैनात करने को लेकर निर्देश दिए गए। पहले चरण में सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किए जा रहे मॉडल स्कूलों से रात्रि सुरक्षा व्यवस्था शुरू की जाएगी।

मॉडल स्कूलों से होगी शुरुआत

स्कूल परिसरों और वहां मौजूद संसाधनों की सुरक्षा के लिए रात में प्रहरी तैनात किए जाएंगे। साथ ही जरूरत के अनुसार सीसीटीवी के जरिए निगरानी मजबूत की जाएगी। मॉडल स्कूलों में उच्च स्तर की सुरक्षा एजेंसियों के गार्ड तैनात करने की भी तैयारी है।

बैठक में शिक्षा व्यवस्था की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने के लिए दूसरे सरकारी विभागों के साथ समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

बच्चों के आधार कार्ड पर भी जोर

समीक्षा बैठक में स्कूली बच्चों के आधार कार्ड नहीं बनने का मुद्दा भी उठा। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को लंबित मामलों का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। जनप्रतिनिधियों से स्कूलों से जुड़े मिलने वाले आवेदनों को भी जिला शिक्षा पदाधिकारियों के माध्यम से विभाग तक भेजकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा 700 मॉडल स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों की समीक्षा हुई। 18 सितंबर को होने वाले इस शिविर में 'शिक्षक समाधान पोर्टल' और 'मेरा विद्यालय-मेरा स्वाभिमान पोर्टल' शुरू किए जाने की तैयारी है।

0 comments:

Post a Comment