योगी सरकार का बड़ा फैसला, यूपी की बेटियों के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने एक अहम कदम उठाया है। स्कूलों में चल रहे मीना मंच को अब प्रदेश स्तर पर और मजबूत किया जाएगा। इसके लिए सितंबर में प्रयागराज स्थित एसआईईटी में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

450 प्रतिनिधियों को मिलेगा प्रशिक्षण

इस अभियान में प्रदेश के 75 जिलों से 450 प्रतिनिधियों का चयन किया गया है। प्रशिक्षण को अलग-अलग बैच में कराया जाएगा, ताकि सभी जिलों से आए प्रतिभागियों को मीना मंच के प्रभावी संचालन की जानकारी दी जा सके। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद ये मास्टर ट्रेनर अपने-अपने जिलों के स्कूलों में इसकी गतिविधियों को आगे बढ़ाएंगे।

सुरक्षा के साथ नेतृत्व पर भी जोर

कार्यशाला में छात्राओं को बाल सुरक्षा और यौन उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों के प्रति जागरूक करने के तरीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही आत्मविश्वास, संवाद क्षमता, निर्णय लेने और नेतृत्व कौशल विकसित करने के लिए भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सरकार का उद्देश्य है कि स्कूलों में बेटियां अपनी बात बेझिझक रख सकें और किसी भी मुश्किल परिस्थिति का सामना करने के लिए जागरूक व आत्मनिर्भर बनें। मीना मंच के विस्तार को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

0 comments:

Post a Comment