यूपी में बनेगा लिंक एक्सप्रेस-वे, इन जिलों के लिए बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने की दिशा में लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे अहम परियोजना साबित हो सकता है। करीब 51 किलोमीटर लंबे 6 लेन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को लगभग 4,775 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसके बनने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वांचल तक सफर आसान होने की उम्मीद है।

कई बड़े एक्सप्रेसवे आपस में जुड़ेंगे

इस परियोजना की खासियत यह है कि यह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के बीच सीधा संपर्क बनाएगा। इसका एक सिरा काकोरी-मोहान रोड के पास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे से और दूसरा गोसाईंगंज के चांद सराय क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ने की योजना है। इससे अयोध्या, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और बलिया समेत पूर्वांचल के कई इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर हो सकती है।

लखनऊ शहर में घटेगा ट्रैफिक दबाव

अभी पश्चिमी यूपी से पूर्वांचल जाने वाले वाहनों को लखनऊ के कई हिस्सों से होकर गुजरना पड़ता है। नए लिंक एक्सप्रेसवे से हाईवे ट्रैफिक को शहर के बाहर ही आगे बढ़ने का रास्ता मिलेगा। इससे सफर का समय कम होने के साथ लखनऊ में भारी वाहनों का दबाव और प्रदूषण घटाने में भी मदद मिल सकती है।

दिल्ली-नोएडा से पूर्वांचल तक आसान होगा सफर

आपको बता दें की यमुना और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जरिए दिल्ली-नोएडा की तरफ से आने वाला ट्रैफिक इस लिंक के माध्यम से पूर्वांचल एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेगा। इससे माल ढुलाई को गति मिलने के साथ लखनऊ के आसपास लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कारोबारी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

परियोजना को 6 लेन में विकसित करने की योजना है और भविष्य में इसे 8 लेन तक बढ़ाने की संभावना बताई गई है। इसके चालू होने के बाद पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के बीच तेज और सीधी कनेक्टिविटी का एक नया रास्ता तैयार हो जाएगा।

0 comments:

Post a Comment