नौकरीपेशा लोगों के लिए खुशखबरी! हर किसी को मिलेगी पेंशन की सुविधा

नई दिल्ली। देश में रिटायरमेंट के बाद आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पेंशन नियामक PFRDA ने बड़ा लक्ष्य तय किया है। नियामक की योजना वर्ष 2047 तक 60 करोड़ से अधिक कामकाजी लोगों को नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) से जोड़ने की है। इसके तहत सरकारी कर्मचारियों के साथ प्राइवेट सेक्टर, स्वरोजगार और अन्य गैर-सरकारी क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों पर भी खास ध्यान दिया जाएगा।

PFRDA के मुताबिक आने वाले 2 से 3 वर्षों में 2 से 4 करोड़ नए लोगों को NPS से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए डिजिटल माध्यमों का विस्तार करने के साथ ग्रामीण इलाकों तक पेंशन सेवाएं पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। लोगों को रिटायरमेंट के लिए नियमित बचत के महत्व के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।

प्राइवेट सेक्टर और ग्रामीण क्षेत्रों पर फोकस

सरकारी कर्मचारियों के बीच NPS की व्यवस्था पहले से स्थापित है। अब उन कामकाजी लोगों को जोड़ने की कोशिश होगी, जो औपचारिक पेंशन व्यवस्था से बाहर हैं। प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों के अलावा छोटे कारोबारी और स्वरोजगार करने वाले लोग भी इसके दायरे में लाए जा सकते हैं।

आपको बता दें की NPS की पहुंच गांवों तक बढ़ाने के लिए स्थानीय संस्थानों की मदद लेने की योजना है। डिजिटल रूप से सक्षम प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) के जरिए ग्रामीण आबादी तक पेंशन सेवाएं पहुंचाने पर काम किया जा रहा है।

डिजिटल तरीके से आसान होगी शुरुआत

PFRDA डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए NPS से जुड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाने पर भी काम कर रहा है। UPI आधारित NPS तत्काल और StAR NPS जैसे माध्यमों से खाता खोलने और नए सब्सक्राइबर जोड़ने की प्रक्रिया को आसान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि NPS में निवेश का अंतिम रिटर्न बाजार के प्रदर्शन और चुने गए निवेश विकल्पों पर निर्भर करता है। ऐसे में खाता खोलने से पहले योजना की शर्तों और निवेश विकल्पों को समझना जरूरी है।

0 comments:

Post a Comment