बिहार में छात्र-छात्राओं के लिए खुशखबरी, 15 तक करें आवेदन!

पटना। बिहार सरकार ने राज्य के छात्र-छात्राओं के लिए एक बार फिर बड़ी राहत और प्रोत्साहन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और विभिन्न विद्यार्थी प्रोत्साहन व मेधावृत्ति योजनाओं के तहत योग्य विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए यह आवेदन का अंतिम अवसर है, जिसकी अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है।

किन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इन योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं छात्र-छात्राओं को मिलेगा जिन्होंने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) से मैट्रिक या इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की है और योजना की पात्रता शर्तों को पूरा करते हैं। शिक्षा विभाग के अनुसार, कई योग्य लाभुक अब तक मेधा सॉफ्ट पोर्टल पर पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, जिसके कारण उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका है।

15 फरवरी के बाद नहीं मिलेगा मौका

शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 15 फरवरी के बाद आवेदन की तिथि बढ़ाए जाने की संभावना बेहद कम है। जो विद्यार्थी तय समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन नहीं करेंगे, यह मान लिया जाएगा कि वे इस योजना का लाभ नहीं लेना चाहते हैं।

मेधा सॉफ्ट पोर्टल पर अनिवार्य रजिस्ट्रेशन

सभी पात्र छात्र-छात्राओं को MedhaSoft Portal पर लॉगिन कर अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करना अनिवार्य है। इसी पोर्टल के माध्यम से लाभुकों की जांच कर राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है।

विभिन्न योजनाएं और प्रोत्साहन राशि

बिहार सरकार ने अलग-अलग वर्ग और योग्यता के अनुसार प्रोत्साहन राशि निर्धारित की है। इंटर पास अविवाहित बालिकाओं को मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना के तहत ₹25,000 तक की राशि दी जाती है। वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों के लिए भी अलग-अलग मेधावृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें ₹8,000 से ₹15,000 तक की सहायता राशि मिलती है।

मैट्रिक परीक्षा प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी ₹10,000 तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जिससे आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग मिल सके।

0 comments:

Post a Comment