यह भर्ती भारतीय वन सेवा परीक्षा (IFoSE) 2026 के माध्यम से की जाएगी, जिसे देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में गिना जाता है। चयनित अभ्यर्थियों को देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वन प्रशासन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
कौन कर सकता है आवेदन
इस परीक्षा में वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं जिनके पास निर्दिष्ट विषयों में स्नातक डिग्री (बीएससी या समकक्ष) है। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 32 वर्ष होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
तीन चरणों में होगा चयन
भारतीय वन सेवा अधिकारी के लिए चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) होगी, जो स्क्रीनिंग के रूप में आयोजित की जाती है। इसके बाद चयनित उम्मीदवारों को आईएफओएस मुख्य परीक्षा (Mains) में शामिल होना होगा। अंतिम चरण में व्यक्तित्व परीक्षण यानी इंटरव्यू के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
उम्मीदवार यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे आधिकारिक अधिसूचना ध्यानपूर्वक पढ़ें, ताकि पात्रता, परीक्षा पैटर्न और अन्य नियमों की पूरी जानकारी मिल सके।

0 comments:
Post a Comment