जाम का बड़ा कारण बनी संकरी सड़क
रमईपुर–साढ़ चौराहे के पास स्थित पुलिया लंबे समय से ट्रैफिक के लिए सबसे बड़ा बॉटलनेक बनी हुई है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई लगभग 10 मीटर है और दोनों ओर नाले बने होने के कारण विस्तार संभव नहीं हो पा रहा था। भारी वाहन गुजरते ही सड़क के दोनों तरफ लंबी कतारें लग जाती हैं। सुबह और शाम के व्यस्त समय में हालात और भी खराब हो जाते हैं, जिससे आम राहगीरों के साथ-साथ व्यापारी, स्कूली बच्चे और औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिक खासे परेशान रहते हैं।
28 मीटर चौड़ी होगी सड़क
एनएचएआई के इंजीनियरों के अनुसार, इस हिस्से में सड़क की चौड़ाई 10 मीटर से बढ़ाकर 28 मीटर की जाएगी। इसके लिए सड़क के दोनों ओर बने नालों को तोड़कर उनका पुनर्निर्माण किया जाएगा, ताकि जल निकासी व्यवस्था भी बनी रहे और सड़क का चौड़ीकरण भी हो सके। चौड़ीकरण के बाद यह हिस्सा चार लेन में तब्दील हो जाएगा, जिससे हल्के और भारी दोनों प्रकार के वाहनों की आवाजाही एक साथ और सुचारु रूप से हो सकेगी।
एक माह में टेंडर, फिर निर्माण
एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक, आगामी एक माह के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्माण के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि आम लोगों को कम से कम असुविधा का सामना करना पड़े।
बुंदेलखंड को जोड़ने वाला अहम मार्ग
हमीरपुर रोड कानपुर को बुंदेलखंड और आसपास के जिलों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसी सड़क से कई औद्योगिक क्षेत्र, ग्रामीण इलाके और शहर के महत्वपूर्ण हिस्से जुड़े हुए हैं। जाम के कारण जहां लोगों का समय बर्बाद होता है, वहीं ईंधन की खपत बढ़ने से आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और आपात सेवाएं भी जाम में फंस जाती हैं, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
.png)
0 comments:
Post a Comment