आज सोना-चांदी में जबरदस्त उछाल, बाजार खुलते ही मचा हड़कंप

नई दिल्ली। सोमवार सुबह सर्राफा बाजार खुलते ही सोना और चांदी ने ऐसा उछाल दिखाया कि निवेशकों और कारोबारियों दोनों की नजरें टिक गईं। घरेलू से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक कीमती धातुओं में तेजी का माहौल देखने को मिला। एमसीएक्स पर सोना और चांदी दोनों ही मजबूती के साथ खुले और कुछ ही देर में भाव नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ गए।

एमसीएक्स में अप्रैल डिलीवरी वाला सोना एक ही झटके में प्रति 10 ग्राम 2100 रुपये से ज्यादा चढ़ गया। शुरुआती कारोबार में सोना करीब 1,57,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर ट्रेड करता नजर आया। वहीं मार्च डिलीवरी वाली चांदी ने तो और भी तेज छलांग लगाई और करीब 12 हजार रुपये की तेजी के साथ 2,61,704 रुपये प्रति किलो के आसपास पहुंच गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी मजबूती के संकेत मिले। एशियाई कारोबार के दौरान स्पॉट गोल्ड में जोरदार खरीदारी देखने को मिली और यह करीब 3.9 फीसदी उछलकर 4,954.92 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को आई भारी गिरावट के बाद यह तेजी नुकसान की भरपाई करती दिखी।

चांदी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी तेज रफ्तार पकड़ी। स्पॉट सिल्वर करीब 8.6 फीसदी की उछाल के साथ 77.33 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। हालांकि दिन की शुरुआत में चांदी 65 डॉलर से नीचे फिसल गई थी, लेकिन बाद में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। इसके बावजूद चांदी अभी भी साप्ताहिक स्तर पर भारी गिरावट के दबाव में बनी हुई है।

बुलियन बाजार से जुड़े आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू बाजार में चांदी करीब 14,800 रुपये की छलांग लगाकर 2.65 लाख रुपये प्रति किलो के करीब पहुंच गई। वहीं सोने में भी मजबूती बनी रही और यह लगभग 3,050 रुपये की तेजी के साथ 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार करता दिखा। अचानक आई इस तेजी ने निवेशकों का ध्यान एक बार फिर सोना-चांदी की ओर खींच लिया है और बाजार में आगे के रुख को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

0 comments:

Post a Comment