इस योजना के तहत श्रमिकों और उनके परिवारों को इलाज के खर्च की चिंता से राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस योजना को मंजूरी मिली। सरकार का लक्ष्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
परिवार को मिलेगा 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर
इस योजना का लाभ दिल्ली के करीब 2.7 लाख पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को मिलेगा। इसके तहत एक साल में परिवार को अधिकतम 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज कवर दिया जाएगा। योजना से श्रमिकों के साथ-साथ उनके पति या पत्नी, बच्चों और माता-पिता को भी स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। सरकार इस योजना के संचालन पर हर साल लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
श्रमिक को व्यक्तिगत इलाज के लिए 2 लाख तक सुविधा
योजना के अनुसार, प्रत्येक पंजीकृत श्रमिक को सूचीबद्ध अस्पतालों में 2 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलेगी। वहीं परिवार के सभी सदस्यों के लिए इलाज की कुल सीमा 10 लाख रुपये तक रखी गई है। सबसे खास बात यह है कि इलाज के लिए भुगतान की प्रक्रिया कैशलेस होगी, जिससे श्रमिकों को अस्पताल में तुरंत इलाज कराने में आसानी होगी।
काम के दौरान होने वाली बीमारियों से मिलेगी सुरक्षा
निर्माण क्षेत्र में काम करने वाले मजदूर अक्सर धूल, रसायन, तेज आवाज और भारी मशीनों के संपर्क में रहते हैं। इससे कई बार सांस संबंधी बीमारी, सिलिकोसिस और त्वचा से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। सरकार का कहना है कि यह योजना श्रमिकों को ऐसी स्वास्थ्य चुनौतियों से बचाने और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुरक्षा देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
निर्माण स्थलों तक पहुंचेगी स्वास्थ्य सुविधा
सरकार निर्माण स्थलों और श्रमिकों की अधिक संख्या वाले क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात करने की योजना बना रही है। इससे श्रमिकों को उनके आसपास ही प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। योजना को पारदर्शी बनाने के लिए डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड और लाभार्थियों की निगरानी के लिए आधुनिक सिस्टम भी तैयार किया जाएगा।
मिलेगी कई तरह की स्वास्थ्य सेवाएं
इस योजना में सिर्फ इलाज ही नहीं बल्कि कई स्वास्थ्य सुविधाओं को शामिल किया गया है। लाभार्थियों को ओपीडी, भर्ती होकर इलाज, जांच और लैब टेस्ट, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और जरूरत पड़ने पर रेफरल सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा श्रमिकों और उनके जीवनसाथी के लिए साल में एक बार स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

0 comments:
Post a Comment