मौजूदा व्यवस्था में अंत्योदय अन्न योजना के पात्र परिवारों को हर महीने 35 किलोग्राम अनाज दिया जाता है। इसमें परिवार के सदस्यों की संख्या को ध्यान में नहीं रखा जाता। अब सरकार ने राशन वितरण को व्यक्ति आधारित करने का प्रस्ताव रखा है।
प्रति व्यक्ति मिलेगा राशन
प्रस्तावित बदलाव के अनुसार, पात्र परिवार के प्रत्येक सदस्य को हर महीने 7 किलोग्राम अनाज देने की व्यवस्था की जा सकती है। हालांकि परिवार को मिलने वाले कुल राशन की सीमा 35 किलोग्राम तक ही रखने का प्रस्ताव है। सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से राशन वितरण में अधिक समानता आएगी। अभी छोटे और बड़े परिवारों में प्रति व्यक्ति मिलने वाले अनाज की मात्रा में अंतर देखने को मिलता है। नए नियम से परिवार के सदस्यों की संख्या के हिसाब से राशन तय हो सकेगा।
जरूरतमंद परिवारों को मिल सकता है लाभ
नई व्यवस्था का सबसे ज्यादा फायदा उन परिवारों को मिलने की उम्मीद है, जिनमें सदस्यों की संख्या अधिक है और जो खाद्य सुरक्षा योजना पर निर्भर हैं। सरकार का कहना है कि बदलाव का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र व्यक्ति को उसकी जरूरत के अनुसार खाद्यान्न मिल सके। इसके साथ ही राशन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
केंद्र सरकार ने इस प्रस्ताव पर जनता से मांगी गई राय
केंद्र सरकार ने इस प्रस्तावित संशोधन को लेकर आम लोगों, विशेषज्ञों और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगे हैं। लोग अपनी आपत्तियां और सुझाव तय समय सीमा के भीतर सरकार के सामने रख सकते हैं। मिले सुझावों के आधार पर प्रस्ताव में जरूरी बदलाव किए जा सकते हैं। इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी होने पर ही नए नियम लागू होंगे।

0 comments:
Post a Comment