कैबिनेट ने एमओयू को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके तहत पशुपालन विभाग और दया भावना फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) किया जाएगा।
झांसी में बनेगा मॉडल पशु अस्पताल
यह परियोजना झांसी की मोंठ तहसील स्थित ग्राम सभा बम्हौली में स्थापित की जाएगी। पशुपालन विभाग की 5 एकड़ भूमि पर यह केंद्र विकसित होगा, जहां पशुओं के उपचार और देखभाल की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
बेसहारा पशुओं का होगा मुफ्त इलाज
इस केंद्र में सड़क दुर्घटना में घायल गोवंश और अन्य पशुओं का निःशुल्क उपचार किया जाएगा। साथ ही हाईवे और अन्य क्षेत्रों में मिलने वाले बेसहारा पशुओं के लिए भी विशेष चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
फाउंडेशन करेगा निर्माण और संचालन
समझौते के अनुसार दया भावना फाउंडेशन अपने खर्च पर गो आश्रय स्थल और पशु चिकित्सालय का निर्माण करेगा। इसके साथ ही पशुओं की देखभाल और चिकित्सा सेवाओं का संचालन भी संस्था द्वारा किया जाएगा।
इस भूमि पर सरकार का स्वामित्व रहेगा
हालांकि निर्माण और संचालन निजी संस्था द्वारा किया जाएगा, लेकिन संबंधित भूमि पर पशुपालन विभाग का स्वामित्व कायम रहेगा। निर्माण के बाद शेष भूमि का उपयोग गोशाला और हरे चारे के उत्पादन के लिए किया जाएगा।

0 comments:
Post a Comment