केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: देशवासियों के लिए 6 बड़ी खुशखबरी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ₹39,290 करोड़ की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में लिए गए इन फैसलों का सीधा लाभ परिवहन, विमानन, उद्योग, व्यापार और आम नागरिकों को मिलेगा। सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं से आर्थिक विकास को गति मिलेगी और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इन 6 बड़े फैसलों को मिली मंजूरी

1 .ATF मूल्य स्थिरीकरण कोष - ₹10,000 करोड़

विमानन क्षेत्र को राहत देने के लिए सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) मूल्य स्थिरीकरण कोष को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय हालात और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच एयरलाइंस कंपनियों को वित्तीय सहायता प्रदान करना है, ताकि हवाई सेवाएं प्रभावित न हों।

2 .दिल्ली-NCR में पुराने वाहनों को बदलने की योजना - ₹5,041 करोड़

राजधानी क्षेत्र में प्रदूषण कम करने के लिए केंद्र सरकार ने पुरानी बसों और ट्रकों को चरणबद्ध तरीके से हटाने की योजना को मंजूरी दी है। इसके तहत करीब 2 लाख ट्रकों और 16 हजार बसों को आधुनिक, कम प्रदूषण वाले या इलेक्ट्रिक वाहनों से बदला जाएगा।

3 .रामेश्वरम-कोणार्क-पारादीप कोस्टल हाईवे - ₹8,301 करोड़

ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 160.18 किलोमीटर लंबे कोस्टल हाईवे निर्माण को मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से पर्यटन, मत्स्य उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

4 .तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार - ₹7,597 करोड़

तेलंगाना में NH-63 और NH-563 के कई हिस्सों को चार लेन में विकसित किया जाएगा। इससे राज्य में लॉजिस्टिक्स नेटवर्क मजबूत होगा और उद्योगों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

5 .मध्य प्रदेश में NH-347B का उन्नयन - ₹4,415 करोड़

मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग-347B को आधुनिक बनाने और सड़क सुरक्षा बढ़ाने के लिए बड़ी राशि मंजूर की गई है। इससे प्रदेश के कई जिलों के बीच आवागमन तेज और सुरक्षित होगा।

6 .बिहार में खगड़िया-पूर्णिया फोरलेन - ₹3,936 करोड़

बिहार के लिए यह परियोजना बड़ी सौगात मानी जा रही है। 143.52 किलोमीटर लंबे इस फोरलेन हाईवे के निर्माण से खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। परियोजना पूरी होने के बाद खगड़िया से पूर्णिया की यात्रा लगभग डेढ़ घंटे कम समय में पूरी हो सकेगी।

0 comments:

Post a Comment