बिहार में बनेगा नया फोरलेन सड़क, इन जिलों के लिए आई खुशखबरी

पटना। बिहार के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। केंद्र सरकार ने खगड़िया से पूर्णिया तक राष्ट्रीय राजमार्ग के महत्वपूर्ण हिस्से को फोरलेन में विकसित करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के पूरा होने से सीमांचल और पूर्वी बिहार के लाखों लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार और उद्योग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

143 किलोमीटर से अधिक लंबे मार्ग का होगा विस्तार

परियोजना के तहत खगड़िया और पूर्णिया के बीच लगभग 143 किलोमीटर लंबे मार्ग को आधुनिक फोरलेन सड़क में बदला जाएगा। इस पर हजारों करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। सड़क के चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण से इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत होगी।

सफर होगा तेज और आसान

वर्तमान में खगड़िया से पूर्णिया तक यात्रा करने में यात्रियों को कई घंटों का समय लगता है। सड़क के फोरलेन बनने के बाद यात्रा अवधि में उल्लेखनीय कमी आने की संभावना है। बेहतर सड़क, कम ट्रैफिक दबाव और सुगम यातायात व्यवस्था के कारण लोगों का समय बचेगा और यात्रा अधिक आरामदायक होगी।

पूर्णिया शहर को जाम से राहत

परियोजना के तहत पूर्णिया के आसपास नया बाइपास भी विकसित किया जाएगा। इससे शहर के भीतर भारी वाहनों का दबाव कम होगा और रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। बाइपास बनने से लंबी दूरी के वाहन शहर में प्रवेश किए बिना सीधे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

चार जिलों की बदलेगी तस्वीर

इस फोरलेन परियोजना का सबसे बड़ा लाभ खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया जिलों को मिलेगा। इन जिलों के बीच आवागमन तेज होगा और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। कृषि, व्यापार और छोटे उद्योगों से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा होगी।

0 comments:

Post a Comment