सरकार के नए आदेश के अनुसार, अब हर साल स्कूलों में 20 मई से 20 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इसके बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 22 जून से 24 जून तक शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा और 25 जून से स्कूलों में नियमित पढ़ाई शुरू होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने जारी किया आदेश
अपर मुख्य सचिव बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इससे पहले बेसिक शिक्षा परिषद के कैलेंडर में गर्मी की छुट्टियां 20 मई से 15 जून तक निर्धारित थीं और 16 जून से स्कूल खुल जाते थे। अब अवकाश की अवधि को बढ़ाकर नई व्यवस्था लागू की गई है।
गर्मी से राहत के लिए लिया फैसला
पिछले कुछ वर्षों में गर्मी के दौरान तापमान बढ़ने और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए कई जिलों में स्थानीय स्तर पर स्कूलों की छुट्टियां बढ़ानी पड़ती थीं। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने पूरे प्रदेश में एक समान व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है।
शिक्षकों को करनी होगी तैयारी
छात्रों की छुट्टियां जारी रहेंगी, लेकिन 22 जून से 24 जून तक शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अन्य कर्मचारी विद्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान वे नए सत्र की तैयारियां पूरी करेंगे।
इन दिनों में शिक्षक: लेसन प्लान तैयार करेंगे, मिड डे मील व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, पाठ्य पुस्तकों की उपलब्धता जांचेंगे, विद्यालय प्रबंधन समिति और अभिभावकों के साथ समन्वय बढ़ाने की तैयारी करेंगे ताकि बच्चों के स्कूल पहुंचते ही पढ़ाई सुचारू रूप से शुरू हो सके।

0 comments:
Post a Comment