यूपी में किसानों की बल्ले-बल्ले, सरकार ने दी खुशखबरी पर खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए खेत-तालाब योजना के संचालन के निर्देश जारी कर दिए हैं। इस योजना के तहत किसानों को सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।

'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' योजना के लाभ

यह योजना केंद्र की 'पर ड्रॉप मोर क्रॉप' अवधारणा के तहत संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य जल संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन बढ़ाना है। इसके अंतर्गत लाभार्थियों का चयन ऑनलाइन आवेदन और ई-लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी।

किसानों को मिलेगा 50% तक अनुदान

योजना के तहत खेत-तालाब निर्माण पर किसानों को कुल लागत का 50 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा, जिसकी अधिकतम सीमा ₹52,500 तय की गई है। इसके अलावा सिंचाई के लिए इलेक्ट्रिक या डीजल पंपसेट पर भी 50 प्रतिशत अनुदान (अधिकतम ₹15,000) उपलब्ध कराया जाएगा।

चयन में इन किसानों को प्राथमिकता

सरकार ने योजना के लाभ वितरण में कुछ वर्गों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया है:

पिछले 7 वर्षों में सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली अपनाने वाले किसान

अनुसूचित जाति/जनजाति के किसान (15% आरक्षण)

लघु एवं सीमांत किसान (50% लक्ष्य आरक्षित)

महिला किसानों की भागीदारी को विशेष प्रोत्साहन

दो किस्तों में मिलेगा अनुदान

अनुदान राशि किसानों को दो चरणों में दी जाएगी। तालाब की खुदाई पूरी होने के बाद 75 प्रतिशत राशि सीधे किसान के खाते में भेजी जाएगी। शेष 25 प्रतिशत राशि निर्माण कार्य पूर्ण होने, जियो-टैगिंग और सत्यापन के बाद जारी की जाएगी।

0 comments:

Post a Comment