यूपी सरकार का बड़ा कदम: डेढ़ लाख युवाओं के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के डेढ़ लाख से ज्यादा युवाओं को अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई तकनीकों और डिजिटल स्किल्स की मुफ्त ट्रेनिंग दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं को आने वाले समय की नौकरियों के लिए तैयार करना और उन्हें आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुसार सक्षम बनाना है।

इस पहल के लिए उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन (UPSDM) और वनएमवनबी-आईबीएम स्किल फाउंडेशन के बीच समझौता किया गया है। इस साझेदारी के तहत प्रदेश के युवाओं को तकनीकी क्षेत्र में नई क्षमताएं विकसित करने का मौका मिलेगा।

1000 से ज्यादा प्रशिक्षण केंद्रों में होगी पढ़ाई

इस कार्यक्रम को प्रदेश के एक हजार से अधिक प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से लागू किया जाएगा। यहां प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को आधुनिक तकनीक से जुड़ी जानकारी दी जाएगी, जिससे वे डिजिटल दुनिया में बेहतर करियर बना सकें। ट्रेनिंग में खास तौर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई और उभरती तकनीकें, ग्रीन स्किल्स, डिजिटल कार्यक्षमता, नौकरी से जोड़ने की भी तैयारी की जाएगी। सरकार की योजना केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है। ट्रेनिंग पूरी करने वाले युवाओं के लिए मेगा जॉब फेयर और प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित किए जाएंगे।

इंटरव्यू और व्यक्तित्व विकास पर भी फोकस

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ रोजगार से जुड़ी जरूरी बातें भी सिखाई जाएंगी। इसमें इंटरव्यू की तैयारी, कम्युनिकेशन स्किल, व्यक्तित्व विकास और ऑफिस में काम करने के तरीके जैसी चीजों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा युवाओं को यह भी बताया जाएगा कि मौजूदा रोजगार बाजार में किन स्किल्स की मांग ज्यादा है और किस तरह अपने करियर को आगे बढ़ाया जा सकता है।

सरकारी कामकाज में AI के इस्तेमाल पर भी चर्चा

इस पहल के तहत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी AI से जुड़ी कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सरकारी सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर जानकारी दी गई। उत्तर प्रदेश सरकार की इस पहल से युवाओं को नई तकनीक सीखने का अवसर मिलेगा और आने वाले समय में रोजगार के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment