यूपी सरकार का ऐलान, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बुजुर्गों और निराश्रित महिलाओं के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृद्धजनों के सम्मान और उनके बेहतर जीवन को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की देखभाल और सम्मान करना हमारी संस्कृति और परंपरा का अहम हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के मौके पर प्रदेशवासियों को पत्र लिखकर समाज में बुजुर्गों के प्रति जिम्मेदारी और सम्मान का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने वृद्धजनों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

बुजुर्गों और महिलाओं को 1500 रुपये पेंशन

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने के लिए हर महीने 1500 रुपये पेंशन देने का फैसला कर चुकी है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर बुजुर्ग और महिलाएं अपनी जरूरी जरूरतों को पूरा कर सकें और उन्हें किसी पर निर्भर न रहना पड़े।

बुजुर्गों के बढ़ते अकेलेपन पर जताई चिंता

सीएम योगी ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण कई परिवारों में दूरियां बढ़ रही हैं। रोजगार और अन्य कारणों से युवा घरों से दूर रहने लगे हैं, जिसकी वजह से कई बुजुर्ग अकेलेपन का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रमों की बढ़ती संख्या समाज के लिए चिंता का विषय है। जिन माता-पिता ने अपने बच्चों के भविष्य के लिए पूरी जिंदगी मेहनत की, उन्हें जीवन के अंतिम पड़ाव में अपनापन और सहयोग मिलना चाहिए।

स्वास्थ्य और आवास योजनाओं का लाभ

निराश्रित महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उन्हें स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ने की बात कही गई है। उन्हें आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना का लाभ दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। इसके अलावा पात्र महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत भी सहायता देने की बात कही गई है।

0 comments:

Post a Comment