नई एडवाइजरी में बताया गया है कि एलपीजी सिलेंडर तेल विपणन कंपनियों (OMCs) की संपत्ति होते हैं। ग्राहकों को ये सिलेंडर सुरक्षा जमा राशि (Security Deposit) के आधार पर दिए जाते हैं और इनका इस्तेमाल केवल उसी उपभोक्ता द्वारा किया जाना चाहिए, जिसके नाम पर कनेक्शन दर्ज है।
किसी दूसरे व्यक्ति को सिलेंडर देना पड़ेगा भारी
नई व्यवस्था के अनुसार, एलपीजी सिलेंडर को किसी अन्य व्यक्ति को बेचना या ट्रांसफर करना नियमों के खिलाफ माना जाएगा। यानी जिस ग्राहक के नाम पर गैस कनेक्शन है, सिलेंडर उसी के उपयोग के लिए होना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति अपना सिलेंडर किसी और को बेचता है या बिना अनुमति किसी दूसरे के नाम करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
गैर-मान्यता प्राप्त प्लेटफॉर्म से रहें सावधान
गैस कंपनियों ने ग्राहकों को यह भी सलाह दी है कि वे एलपीजी सिलेंडर की खरीद-बिक्री के लिए अनधिकृत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल न करें। किसी भी बाजार, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म या गैर-मान्यता प्राप्त माध्यम पर सिलेंडर की बिक्री या लिस्टिंग करना प्रतिबंधित है। ऐसे सिलेंडर की गुणवत्ता और सुरक्षा पर सवाल हो सकते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।
PNG कनेक्शन लेने वालों के लिए भी नियम
जिन ग्राहकों ने अब पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन ले लिया है, उन्हें अपना एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने की सलाह दी गई है। कनेक्शन बंद कराने के बाद ग्राहक अपनी जमा सुरक्षा राशि वापस प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने संबंधित गैस वितरक से संपर्क करना होगा।
ग्राहकों को क्यों दी गई यह जानकारी?
गैस कंपनियों का उद्देश्य एलपीजी सिलेंडर की सुरक्षा और सही इस्तेमाल सुनिश्चित करना है। कई बार सिलेंडर का गलत तरीके से इस्तेमाल या अनधिकृत बिक्री सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। नई गाइडलाइन के बाद ग्राहकों को अपने गैस कनेक्शन की जानकारी सही रखने और सिलेंडर से जुड़े नियमों का पालन करने की जरूरत होगी।

0 comments:
Post a Comment