बिहार में मौसम ने बदली करवट! 9 जिलों में तेज बारिश, 26 में आंधी-बिजली का अलर्ट

पटना। बिहार में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से उत्तरी बंगाल की खाड़ी तक बनी ट्रफ और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम बदला रहने की संभावना है। कई इलाकों में बादल छाने के साथ बारिश और तेज हवा का दौर देखने को मिल सकता है।

पटना समेत कई जिलों में बारिश

बुधवार दोपहर बाद पटना और आसपास के इलाकों में मौसम अचानक बदला। वैशाली, औरंगाबाद, मुजफ्फरपुर, गया, सारण और भोजपुर समेत कई जगहों पर कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। पटना में शाम पांच बजे तक 10.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं औरंगाबाद के दाउदनगर में 68.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई।

26 जिलों में वज्रपात और तेज हवा

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटे में पटना समेत 26 जिलों में मेघ गर्जन और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की या छिटपुट बारिश भी होने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।

मानसून की वापसी से जुड़ी ट्रफ रेखा सुपौल से गुजर रही है। इसके प्रभाव से अगले दो-तीन दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

कई जिलों में दर्ज हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटे में रोहतास के नोखा में 65 मिमी, नवादा के अकबरपुर में 64.2 मिमी और वाल्मीकि नगर में 44.8 मिमी बारिश हुई। अरवल, जहानाबाद, भोजपुर, गया, औरंगाबाद और सारण के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश और बादलों की वजह से पटना समेत 11 जिलों के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बदलते मौसम के बीच लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

0 comments:

Post a Comment