कर्मचारियों के लिए खुशखबरी का ऐलान, 2 किस्तों में मिलेगा DA, एरियर भी!

न्यूज डेस्क। तेलंगाना के सरकारी कर्मचारियों के लिए दशहरा से पहले बड़ी राहत की खबर है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (DA) की दो किस्तों को मंजूरी दे दी है। दोनों बढ़ोतरी क्रमशः जनवरी 2024 और जुलाई 2024 से प्रभावी मानी जाएंगी। इसका असर कर्मचारियों की आने वाली सैलरी में दिखाई देगा।

बढ़ा हुआ DA अक्टूबर 2026 की सैलरी में शामिल किया जाएगा, जिसका भुगतान 1 नवंबर को होने की उम्मीद है। इसके साथ पुराने DA का बकाया यानी एरियर भी कर्मचारियों को मिलेगा।

33 और 27 किस्तों में मिलेगा एरियर

सरकार के फैसले के मुताबिक जनवरी 2024 से सितंबर 2026 तक का बकाया DA 33 किस्तों में GPF खाते में जमा किया जाएगा। वहीं जुलाई 2024 से सितंबर 2026 की अवधि का एरियर 27 किस्तों में दिया जाएगा।

जनवरी 2024 से DA में 3.64 फीसदी और जुलाई 2024 से 2.73 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। 2020 पे स्केल के कर्मचारियों के लिए DA 33.67 फीसदी से बढ़कर पहले 37.31 फीसदी और फिर 40.04 फीसदी हुआ है। 2015 पे स्केल में यह 73.34 फीसदी से बढ़कर 78.06 फीसदी और बाद में 81.72 फीसदी हो गया।

सरकार पर पड़ेगा 3,057 करोड़ का अतिरिक्त बोझ

DA की दोनों किस्तों को लागू करने से राज्य सरकार के खजाने पर सालाना करीब 3,057 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार आएगा। इसमें जनवरी 2024 वाली किस्त के लिए लगभग 1,747 करोड़ और जुलाई 2024 वाली किस्त के लिए करीब 1,310 करोड़ रुपये शामिल हैं।

इस फैसले का लाभ सामान्य सरकारी कर्मचारियों के अलावा UGC और AICTE पे स्केल, जिला एवं मंडल परिषद, नगर निकायों के नियमित पे स्केल कर्मचारियों और फुल-टाइम कंटिजेंट कर्मचारियों समेत कई श्रेणियों को मिलेगा। यानी लंबे समय से DA बढ़ोतरी और बकाया का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को अब इसका सीधा फायदा मिलने वाला है। 

0 comments:

Post a Comment