बिहार के इन 8 जिलों से गुजरेगा प्रस्तावित कॉरिडोर
प्रस्तावित रूट के अनुसार बुलेट ट्रेन कॉरिडोर बिहार के बक्सर, भोजपुर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया, कटिहार, पूर्णिया और किशनगंज से होकर गुजर सकता है। इस तरह राज्य के पश्चिमी हिस्से से लेकर सीमांचल तक हाई-स्पीड रेल नेटवर्क का विस्तार होने की संभावना है।
इन 5 जगहों पर बन सकते हैं स्टेशन
नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से कॉरिडोर का रूट अलाइनमेंट तैयार किया जा रहा है। मौजूदा प्रस्ताव में बिहार के पांच स्थानों पर स्टेशन बनाने की योजना है। इनमें बक्सर, पटना, बेगूसराय, खगड़िया और कटिहार शामिल हैं। हालांकि, स्टेशन की जगह और नामों पर अभी अंतिम मुहर लगना बाकी है।
वहीं, आरा, पूर्णिया और किशनगंज से भी प्रस्तावित रेल कॉरिडोर गुजर सकता है। इन शहरों में ट्रेन का ठहराव होगा या नहीं, यह विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और सर्वे के बाद स्पष्ट होगा। पटना में फुलवारीशरीफ स्थित एम्स के आसपास स्टेशन बनाने की संभावना पर भी चर्चा है।
दिल्ली से गुवाहाटी तक आसान होगा सफर
प्रस्तावित दिल्ली-वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की लंबाई करीब 1550 किलोमीटर बताई जा रही है। इसके जरिए दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, पटना और सिलीगुड़ी जैसे प्रमुख शहरों को जोड़ने की योजना है। आगे इसका विस्तार गुवाहाटी तक कनेक्टिविटी देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
परियोजना के सामने होंगी ये चुनौतियां
बिहार में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जमीन पर उतारना आसान नहीं होगा। जमीन अधिग्रहण, उपजाऊ कृषि भूमि और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से गुजरने वाला रूट बड़ी चुनौतियां पैदा कर सकता है। इसके अलावा गंगा समेत कई नदियों पर पुलों का निर्माण भी जरूरी होगा।

0 comments:
Post a Comment