यूपी में गन्ना किसानों के लिए 1 बड़ी खुशखबरी, पढ़ें पूरी खबर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए नए पेराई सत्र 2026-27 को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। प्रदेश में चीनी मिलों ने गन्ना खरीद की तैयारियां तेज कर दी हैं। अब तक 33 चीनी मिलों की ओर से खरीद के लिए इंडेंट जारी किया जा चुका है, जबकि 9 चीनी मिलों में गन्ने की पेराई भी शुरू हो गई है। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने का इंतजार कम होने की उम्मीद है।

यूपी की 9 चीनी मिलों में शुरू हुई पेराई

गन्ना विकास विभाग के अनुसार, प्रदेश की 9 चीनी मिलों में पेराई का काम शुरू हो चुका है। इनमें एक सहकारी क्षेत्र और आठ निजी क्षेत्र की मिलें शामिल हैं। क्षेत्रवार देखें तो सहारनपुर की 3, लखनऊ की 3, मुरादाबाद की 2 और मेरठ की 1 चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू हो गई है।

24 चीनी मिलों ने भी जारी किया इंडेंट

विभाग के मुताबिक, अन्य मिलों ने भी पेराई शुरू करने से जुड़ी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इनमें से 24 चीनी मिलों ने गन्ना खरीद के लिए इंडेंट जारी किया है। इन मिलों का दीपावली से पहले संचालन शुरू करने का प्रस्ताव है। वहीं, बाकी चीनी मिलें दीपावली के बाद अपना पेराई सत्र शुरू करेंगी।

क्रय केंद्रों पर व्यवस्था पूरी करने के निर्देश

गन्ना किसानों को खरीद के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए विभाग ने सभी चीनी मिलों को अपने निर्धारित क्रय केंद्रों पर जरूरी इंतजाम जल्द पूरे करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मिलों को तय समय पर संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

दरअसल, नए पेराई सत्र की शुरुआत से प्रदेश के गन्ना किसानों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलेगा। अब किसानों की निगाहें चीनी मिलों के नियमित संचालन और गन्ना खरीद की व्यवस्था पर टिकी हैं।

0 comments:

Post a Comment