यूपी के बिजली उपभोक्ताओं को राहत, सरकार ने दी 3 बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ। दीपावली और छठ पूजा के दौरान बिजली कटौती या किसी तकनीकी खराबी से परेशान होने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश में त्योहारों के मद्देनजर बिजली विभाग ने आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष तैयारी की है। लखनऊ के लेसा क्षेत्र में चार अलग-अलग जोन में कंट्रोल रूम शुरू किए गए हैं, जहां उपभोक्ता बिजली से जुड़ी समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।

खास बात यह है कि इन कंट्रोल रूम में चौबीसों घंटे कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इसके लिए अभियंताओं और कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में ड्यूटी लगाई गई है, ताकि रात के समय भी शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जा सके। विभाग ने बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अलग-अलग जोन के संपर्क नंबर भी जारी कर दिए हैं।

शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचेगी टीम

त्योहारों के दौरान बिजली व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए अधिकारियों को शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1912 के जरिए भी अपनी परेशानी बता सकते हैं। शिकायत संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों तक पहुंचते ही उसका समाधान कराने की जिम्मेदारी तय की गई है। इसके अलावा बिजली विभाग ने खराब ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने के लिए भी तैयारी की है। ट्रांसफार्मर कार्यशालाओं में अलग-अलग क्षमता के ट्रांसफार्मर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने को कहा गया है।

चार जोन में जारी हुए कंट्रोल रूम नंबर

लखनऊ के अमौसी, लखनऊ मध्य, जानकीपुरम और गोमतीनगर जोन में अलग-अलग कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। उपभोक्ता अपने क्षेत्र के अनुसार इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। अमौसी 9450099905, लखनऊ मध्य 8004944663, जानकीपुरम 9415901287, गोमतीनगर 9415901289, इन कंट्रोल रूम को तीन शिफ्टों में संचालित किया जाएगा। 

1912 हेल्पलाइन पर भी कर सकते हैं शिकायत

मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक (तकनीकी) हरीश बंसल ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान बिजली आपूर्ति में किसी तरह की बाधा आने पर 1912 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। विभागीय अधिकारियों को इन शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

0 comments:

Post a Comment