बिहार में दूध, दही, घी, पनीर सब सस्ता, जनता को बड़ी राहत!

पटना। बिहार में दुग्ध उत्पादों की कीमतों में कमी ने जनता को बड़ी राहत दी है। बिहार स्टेट मिल्क को-ऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड (कॉम्फेड) ने अपने लोकप्रिय ब्रांड 'सुधा' के तहत दूध, दही, घी, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की कीमतें घटा दी हैं, जो 22 सितंबर 2025 से लागू हो गई हैं। यह बदलाव भारत सरकार की हालिया जीएसटी परिषद की बैठक के निर्णय के अनुरूप है, जिसमें दुग्ध उत्पादों पर जीएसटी दरों में कमी की गई है।

किस उत्पाद की कीमतें घटीं?

दूध: टेट्रा पैक टोन्ड मिल्क (1000 एमएल) की कीमत 74 रुपये से घटकर 73 रुपये हो गई है, जबकि टेट्रा पैक डीटीएम मिल्क (1000 एमएल) का दाम 70 रुपये से 68 रुपये पर आ गया है।

पनीर: 100 ग्राम पनीर अब 46 रुपये में मिलेगा, जो पहले 47 रुपये था। 200 ग्राम की कीमत 90 रुपये से घटकर 85 रुपये हो गई है और 500 ग्राम का पनीर 210 रुपये से घटकर 205 रुपये में उपलब्ध होगा।

मक्खन: टेबल बटर के दाम भी कम हुए हैं। 50 ग्राम का मक्खन 32 रुपये की जगह 31 रुपये में, 100 ग्राम का 56 रुपये से घटकर 55 रुपये में, और 500 ग्राम का 275 रुपये से घटकर 270 रुपये में मिलेगा।

घी: स्पेशल पाउच घी 200 एमएल की कीमत 145 रुपये से घटकर 143 रुपये हुई है, 500 एमएल 320 रुपये की जगह 315 रुपये में मिलेगा। 1 किलोग्राम स्पेशल टीन पैक घी अब 650 रुपये की जगह 640 रुपये में उपलब्ध होगा।

अन्य उत्पाद: इसके अलावा, एप्पल जूस (200 एमएल) की कीमत भी 25 रुपये से घटाकर 24 रुपये कर दी गई है। साथ ही, एलेस्टर टोन्ड मिल्क और एलेस्टर स्टैंडर्ड मिल्क की कीमतों में भी कमी आई है।

उपभोक्ताओं के लिए सुझाव

यह ध्यान रखना जरूरी है कि बाजार में अभी कुछ उत्पाद पुराने पैकेजिंग में मिल सकते हैं, लेकिन उन्हें नई कीमतों के अनुसार ही बेचा जाएगा। इसलिए उपभोक्ताओं को खरीदारी करते समय दुकानदार से मूल्य की पुष्टि करना चाहिए।

0 comments:

Post a Comment