वेतन और फिटमेंट को लेकर सवाल
आयोग ने कर्मचारियों से पूछा है कि वेतन वृद्धि के समय अर्थव्यवस्था, खर्च और महंगाई को कैसे संतुलित किया जाए। यह भी विचार किया जा रहा है कि सरकारी और निजी क्षेत्र की तुलना कैसे की जाए। क्या सभी विभागों में समान वेतन ढांचा होना चाहिए या हर सेक्टर को उसके निजी समकक्ष के अनुसार देखा जाए।
फिटमेंट फैक्टर, एंट्री लेवल वेतन, इंक्रीमेंट दर और परफॉर्मेंस आधारित वेतन जैसे सवालों पर भी राय मांगी गई है। आयोग यह जानना चाहता है कि ग्रुप A और अन्य उच्च पदों पर योग्य लोगों को आकर्षित करने के लिए वेतन संरचना कैसी हो।
भत्ते और पेंशन पर विचार
कर्मचारियों से यह भी पूछा गया है कि अलग-अलग भत्तों की व्यवस्था जारी रहे या कैफेटेरिया मॉडल लागू किया जाए, जिसमें कर्मचारी अपनी जरूरत के अनुसार भत्ते चुन सकें।
पेंशनरों की बढ़ती संख्या और इसके बजट पर प्रभाव को ध्यान में रखते हुए आयोग ने सुझाव मांगे हैं कि कैसे पेंशन खर्च संतुलित किया जाए। महंगाई भत्ते (DA) के निर्धारण में क्या केवल महंगाई ही देखी जाए या वेतन वृद्धि और ट्रेंड को भी शामिल किया जाए, यह भी आयोग जानना चाहता है।
विशेष विभागों के लिए अलग नियम
रेलवे, CAPF, रक्षा बल और वैज्ञानिक विभागों के कर्मचारियों के वेतन निर्धारण में उनकी नौकरी की प्रकृति और जोखिम को कैसे शामिल किया जाए, इस पर भी राय मांगी गई है। विशेष रूप से सैनिकों और पुलिस/सीएपीएफ कर्मियों के वेतन में संतुलन कैसे रखा जाए और रक्षा पेंशन के खर्च को काबू में कैसे रखा जाए, यह भी चर्चा का हिस्सा है।
बोनस और स्टाफिंग सुधार को लेकर सवाल
प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस सभी कर्मचारियों को समान मिले या परफॉर्मेंस के अनुसार भिन्न, इस पर भी राय ली जा रही है। साथ ही, आयोग ने लेटरल एंट्री, पार्ट-टाइम और फ्लेक्सी टाइम जैसे स्टाफिंग सुधारों के फायदे और नुकसान पर भी सुझाव मांगे हैं।
NC-JCM स्टाफ साइड की अगली बैठक 10 मार्च के बाद होने वाली है। इसमें कर्मचारियों और पेंशनर्स के सुझावों पर चर्चा होगी और संभव है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों में इन सवालों का असर दिखाई दे। जानकारों का मानना है कि इस बार वेतन आयोग की सिफारिशें न सिर्फ कर्मचारियों की आमदनी बढ़ाने में मदद करेंगी, बल्कि सरकारी खर्च और बजट संतुलन को भी ध्यान में रखेंगी।

0 comments:
Post a Comment