केंद्र और राज्य की योजनाओं का मिलेगा दोहरा लाभ
वर्तमान में केंद्र सरकार की पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को साल में तीन किस्तों में कुल 6 हजार रुपये दिए जाते हैं। हर चार महीने में 2 हजार रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाते हैं। अब बिहार सरकार ने इसके ऊपर जननायक कर्पूरी ठाकुर किसान सम्मान निधि योजना लागू करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत राज्य सरकार किसानों को साल में कुल 3 हजार रुपये अतिरिक्त देगी, जो तीन किस्तों में वितरित होंगे।
अब एक साल में कुल 9 हजार रुपये
नई व्यवस्था के तहत पीएम किसान योजना से 6,000 रुपये मिलेंगे। जबकि बिहार सरकार की योजना से 3,000 रुपये मिलेंगे। यानि अब बिहार के किसानों को साल में तीन किस्तों के जरिए कुल 9,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। यह राशि भी सीधे किसानों के खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे।
चुनावी वादा हुआ पूरा
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसानों के लिए कर्पूरी ठाकुर के नाम पर नई योजना शुरू करने का वादा किया था। एनडीए के संकल्प पत्र में भी यह बात शामिल थी कि केंद्र की किसान सम्मान निधि पाने वाले किसानों को राज्य सरकार अतिरिक्त सहायता देगी। अब बजट के जरिए इस वादे को अमल में लाया गया है।
किसानों को राहत
महंगाई और खेती की बढ़ती लागत के बीच यह अतिरिक्त सहायता किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है। बीज, खाद और कृषि जरूरतों में यह राशि सहायक होगी। साथ ही यह कदम राज्य में किसानों के भरोसे को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।

0 comments:
Post a Comment